बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल व बिजली दरों में वृद्धि के खिलाफ पीस पार्टी ने सौंपा ज्ञापन
हापुड़ उत्तर प्रदेश। बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि तथा बिजली उपभोक्ताओं पर बढ़ते आर्थिक बोझ को लेकर पीस पार्टी ने जिला प्रशासन के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आम जनता को राहत प्रदान करने के लिए कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गई हैं।
पीस पार्टी के प्रतिनिधियों ने कहा कि पेट्रोल और डीजल के दामों में वृद्धि से परिवहन लागत बढ़ रही है, जिसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है। वहीं बिजली दरों में बढ़ोतरी और अतिरिक्त शुल्कों के कारण उपभोक्ताओं पर आर्थिक दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।
ज्ञापन में पार्टी ने मांग की कि रसोई गैस (एलपीजी) के दामों में कमी की जाए, पेट्रोल एवं डीजल पर लगाए गए करों तथा अन्य शुल्कों में राहत दी जाए और प्रदेश के सभी पेट्रोल पंपों पर डीजल की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा बिजली बिलों पर लगाए गए अतिरिक्त शुल्कों को वापस लेने अथवा कम करने तथा गरीब एवं निम्न आय वर्ग के परिवारों को ऊर्जा एवं ईंधन संबंधी विशेष राहत प्रदान करने की भी मांग की गई।
पीस पार्टी ने बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को स्थिर रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। ज्ञापन के माध्यम से पार्टी ने प्रशासन से जनहित से जुड़े इन मुद्दों को संबंधित सरकारों तक पहुंचाकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि यदि जनता से जुड़े इन मुद्दों पर शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाई जाएगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान मेरठ मंडल अध्यक्ष डॉक्टर शाहिद,शकील अखवी, जिला अध्यक्ष आरिफ चौधरी, मुबारक सलमानी ,मोहसिन खान , नज़र मौहम्मद, कादिर, चाँद, खालिद शाहवेज पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






Post A Comment:
0 comments so far,add yours