महावतपुर गढ़ी में घरौनी वितरण और राशन व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन





बुलंदशहर, । भारतीय किसान संगठन के बैनर तले ग्राम महावतपुर गढ़ी एवं आसपास के ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) बुलंदशहर को ज्ञापन सौंपकर घरौनी वितरण और राशन व्यवस्था में सुधार की मांग की है।

ज्ञापन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम महावतपुर गढ़ी तथा आसपास के गांवों की घरौनी तैयार होने के बावजूद अब तक उनका वितरण नहीं किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि तहसील में घरौनी उपलब्ध होने के बावजूद वितरण नहीं किया जा रहा है, जबकि सुविधा शुल्क के नाम पर 3 से 5 हजार रुपये तक की अवैध वसूली किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर जल्द से जल्द घरौनी वितरण कराने की मांग की, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों और अवैध वसूली से राहत मिल सके।

इसके अलावा ज्ञापन में राशन वितरण व्यवस्था को लेकर भी समस्या उठाई गई। ग्रामीणों ने बताया कि महावतपुर गढ़ी का राशन वर्तमान में नया बांस स्थित दुकान से वितरित किया जा रहा है, जिसकी दूरी लगभग चार किलोमीटर है। इससे महिलाओं, बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों को राशन लेने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि महावतपुर गढ़ी में ही राशन वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं एवं बुजुर्गों को राहत मिल सके।

इस अवसर पर भारतीय किसान संगठन के पदाधिकारियों एवं ग्राम महावतपुर गढ़ी के ग्रामीणों ने प्रशासन से दोनों समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की।

Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours