पड़ोसी राज्य झारखंड की तरह अब बिहार की धरती पर भी ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज फहराएगा और ये झंडा राष्ट्र कवि रामधारी सिंह दिनकर की धरती बेगूसराय में जल्द ही लहराता नजर आएगा। उम्मीद है कि स्वतंत्रता दिवस के दिन बिहार का सबसे ऊंचा झंडा लग जाएगा और इसे लगाने के लिए बेगूसराय के डीएम को खत लिखकर जमीन की मांग की गई है। यह पहल बिहार के ही रहने वाले सामाजिक कार्यकर्ता अजय कुमार की तरपफ से की गई है। इसमें दिल्ली की शेयर और कमोडिटी मार्केट की कंपनी एडवाजरी मंडी डॉट कॉम के फाउंडर व सीईओ कौशलेन्द्र सिंह सेंगर भी सहयोग करेंगे। अजय कुमार का कहना है कि बिहार का सबसे ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज बेगूसराय में लगाने की योजना है। उन्होंने बताया कि देश के अन्य राज्यों के विभिन्न शहरों में 300 फीट तक के ऊंचे झंडे लहरा रहे हैं, लेकिन अब तक बिहार इससे अछूता रह गया था। इसीलिए अब बिहार में भी ऊंचा झंडा लगाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि बेगूसराय की धरती राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की स्थली है, इसलिए बिहार का सबसे ऊंचा झंडा बेगूसराय में लगाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए स्थानीय प्रशासन को खत लिखकर जगह की मांग की गई है और हमारी तरफ से जीरो माइल और हर हर महादेव चौक का चयन किया गया है। प्रशासनिक अनुमति मिलने के बाद हमारा प्रयास रहेगा कि आगामी 15 अगस्त तक यहां 150 से 200 फीट तक ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज लगाया जाएगा। बिहार के रहने वाले अजय कुमार दिल्ली में कार्यरत हैं, लेकिन उनके दिल में समाज सेवा की तड़प लगातार बनी हुई है। अजय बिहार और यूपी के तमाम गांवों में जैविक खेती को बढ़ावा देने का काम कर रहे हैं। अजय समय समय पर गांवों में जाकर किसानों को जागरूक करते हैं और ग्रामीणों को जैविक खेती के तौर तरीकों के बारे में बताते हैं। बिहार के बेगूसराय में भी 200 फीट ऊंचा तिरंगा लग जाएगा। इसे लेकर बेगूसरायवासी काफी खुश हैं और अजय कुमार की सराहना कर रहे हैं।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours