प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे पार्षद,सौंपा ज्ञापन


ग़ाज़ियाबाद।
लॉक डाउन की अवधि बढ़ने के बाद लोगों की परेशानियाँ और बढ़ गयी हैं। लोगों को परेशानी न होने देने के प्रशासन के सभी दावे फेल होते नज़र आ रहे हैं। ज़रूरी खर्च तो दूर की बात है इस समय लोगों के सामने एक वक़्त की रोटी का भी संकट पैदा हो गया है। पार्षदों ने प्रशासन पर धार्मिक आधार पर भेदभाव का आरोप लगाया है।
वार्ड 92, 93, 95 के अंतर्गत इस्लामनगर, कैला भट्टा, छोटा कैला, चमन कॉलोनी, गुलज़ार कॉलोनी आती हैं। यहाँ अधिकतर रेहड़ी,पटरी वाला ग़रीब तबका रहता है। जोकि प्रतिदिन मेहनत मजदूरी करके अपना पेट भरता है। लॉक डाउन में सब कुछ बन्द होने के बाद यह लोग भुखमरी की कगार पर आ गये हैं।
इन ग़रीबों के दर्द को समझते हुये तीनों वार्डों के पार्षदों ने शुक्रवार को सिटी मजिस्ट्रेट को गयों सौंपा। सिटी मजिस्ट्रेट ने मदद का आश्वासन दिया है। ग़ौरतलब है कि सिटी मजिस्ट्रेट ने दो दिन पहले भी मदद का आश्वासन दिया था। उसके बाद केवल एक समय 400 लोगों का खाना पँहुचा। जबकि आवश्यकता कम से कम एक हज़ार लोगों की है।
वार्ड 95 के पार्षद मोहम्मद ज़ाकिर अली सैफ़ी ने बताया कि हम प्रशासन से लगातार मदद की गुहार लगा रहे हैं लेकिन प्रशासन के कानों पर जूँ तक नही रेंग रही है। आज हमने मदद की गुहार लगाते हुये सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा है।
हमारे यहाँ जनता की बहुत दयनीय स्थिति है। लोग रोज़मर्रा के खाने कमाने वाले हैं। इस समय सबका रोज़गार चौपट हो गया है।
वार्ड 92 के पार्षद मरगूब अहमद ने बताया कि हमसे ग़रीब लोगों का दर्द देखा नही जाता। जितनी हमसे मदद की जाती है उतनी कर देते हैं। सभी प्रशासनिक अधिकारीयों से मदद के लिए कहा लेकिन कोई सुनवाई नही होती। प्रशासन से 800 लोगों का खाना माँगा था जिसमें से 400 लोगों का एक समय खाना भिजवाया गया। आज हम सिटी मजिस्ट्रेट के पास ज्ञापन देने आये हैं। सिटी मजिस्ट्रेट ने मदद का आश्वासन दिया है।
वार्ड 93 के पार्षद आरिफ मलिक ने बताया कि मैंने तथा मेरे साथियों ने जितनी मदद हो सकती थी उतनी की है और आगे भी करेंगे। प्रशासन के भरोसे रहते तो यहाँ के लोग अब तक भूखे मर गये होते।
सिटी मजिस्ट्रेट शिव प्रताप शुक्ल ने बताया कि जब मेरी जानकारी में मामला आया था तो मैंने खाना भिजवाया था। उसके बाद का मुझे पता नही है। यदि ऐसी कोई समस्या आ रही है तो मैं जल्द ही इसका निस्तारण करूँगा। पार्षद मेरे पास ज्ञापन लेकर आये थे। मैंने तहसीलदार को इनको समस्या से अवगत करा दिया है। जल्द ही इनकी समस्या का समाधान हो जायेगा।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours